इगलास। अलीगढ l लक्मण देवदत्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इगलास की सरकारी एंबुलेंस सेवा की पोल उस समय खुल गई, जब एक गंभीर महिला मरीज को अस्पताल ले जा रही सरकारी एंबुलेंस UP 32 EG 1155 पुरानी तहसील रोड स्थित किला खेड़ा के पास अचानक खराब होकर बीच रास्ते में बंद हो गई।और जाम से लम्बी लाइन लग गई l
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक ने एंबुलेंस को दोबारा चालू करने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन वाहन स्टार्ट नहीं हुआ। इस दौरान गंभीर हालत में महिला मरीज एंबुलेंस के भीतर ही दर्द से तड़पती रही, जबकि परिजन और राहगीर बेबस होकर मदद का इंतजार करते रहे।
घटना ने स्वास्थ्य विभाग की आपातकालीन एंबुलेंस सेवा और वाहनों के रखरखाव की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब आपातकालीन सेवा के वाहन ही बीच रास्ते जवाब दे दें, तो मरीजों की जान की जिम्मेदारी कौन लेगा?
फिलहाल इस मामले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लोगों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने और एंबुलेंस सेवा को दुरुस्त करने की मांग की है।





















