दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। निबोहरा थाना क्षेत्र के नन्दापुरा गांव में मंगलवार सुबह एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला को सांप ने काट लिया।घटना के बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहाबाद में भर्ती कराया गया है। उनका उपचार चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।
जानकारी के अनुसार, नन्दापुरा निवासी केशर देवी (70) पत्नी भत्त सिंह अपनी झोपड़ी में अकेली रहती हैं। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे वह झोपड़ी की सफाई कर रही थीं। इसी दौरान झोपड़ी में छिपे एक सांप ने उनके हाथ में काट लिया।
सांप के काटने के बाद महिला के शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए केशर देवी को उपचार के लिए सीएचसी फतेहाबाद पहुंचाया। चिकित्सकों ने बताया कि महिला का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है। इस घटना के बाद से गांव में कुछ दहशत का माहौल बना हुआ है।





















