दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। आगरा-ग्वालियर एक्सप्रेसवे निर्माण में किसानों की भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण और खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन चौधरी चरण सिंह गुट ने मंगलवार को एसडीएम फतेहाबाद स्वाति शर्मा को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने चेतावनी दी कि सात दिन के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो किसान पंचायत कर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि एक्सप्रेसवे का निर्माण देवरी, सलेमाबाद, इनायतपुर, नगला पाठम, लुहेंटा और तोर गांवों से होकर गुजर रहा है। आरोप है कि कई किसानों को भूमि अधिग्रहण के नोटिस तक नहीं मिले हैं और न ही सहमति पत्र या रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी हुई है। इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा भारी मशीनों और वाहनों से निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे किसानों की खड़ी खरीफ फसलें बर्बाद हो रही हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि प्रभावित किसानों की फसल क्षति का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिया जाए। भूमि का मूल्यांकन वर्तमान सर्किल रेट के आधार पर किया जाए तथा सभी कानूनी औपचारिकताएं और मुआवजा वितरण पूरा होने तक निर्माण कार्य रोका जाए। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार के बेस कैंप के कारण खेतों तक आने-जाने का रास्ता बाधित हो गया है और किसानों से मिट्टी भी बेहद कम दामों पर खरीदी जा रही है। इस दौरान भाकियू (चौधरी चरण सिंह गुट) के प्रदीप कुमार सहित संगठन के कई पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे।





















