दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। डौकी थाना क्षेत्र के गांव नगला टांक में रास्ते से निकलने को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने पहले एक स्कूली छात्र और फिर बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता की जमकर पिटाई कर दी। हमले में पिता के सिर में गंभीर चोट आई है। घायल को फतेहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
नगला टांक निवासी दिनेश चंद्र पुत्र तुलाराम ने डौकी थाने में तहरीर देकर बताया कि मंगलवार सुबह उसका पुत्र प्रशांत स्कूल जा रहा था। रास्ते में कीचड़ पड़ी होने के कारण प्रशांत साइड से निकल रहा था। इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने उसे रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। प्रशांत ने घर लौटकर पूरे मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी।
पुत्र की पिटाई की जानकारी मिलते ही दिनेश चंद्र मौके पर पहुंचा। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद दबंगों ने मिलकर दिनेश चंद्र के साथ भी मारपीट की। हमले में दिनेश के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गया।
परिजनों ने घायल दिनेश को तत्काल उपचार के लिए फतेहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। दिनेश चंद्र की तहरीर के आधार पर डौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





















