दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। दिल्ली से शादी समारोह में शामिल होने पिनाहट जा रहे तीन दोस्त मंगलवार तड़के सड़क हादसे का शिकार हो गए। फतेहाबाद कस्बे के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार चंद्रमोहन पुत्र ओमप्रकाश, आशीष गुप्ता पुत्र ओमप्रकाश गुप्ता निवासी संगम विहार, दिल्ली तथा मोहित शर्मा पुत्र शिवनाथ निवासी पिनाहट हाल निवासी संगम विहार, दिल्ली कार से दिल्ली से पिनाहट जा रहे थे। उन्हें मोहित शर्मा के साले रोहित के विवाह समारोह में शामिल होना था। मंगलवार तड़के करीब साढ़े चार बजे फतेहाबाद कस्बे के पास पहुंचते ही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे की सूचना पर इंस्पेक्टर विनोद कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।





















