अलीगढ़। शहर की कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में नजर आया। एसपी सिटी ने सीओ सिटी प्रथम के साथ थाना बन्नादेवी और कोतवाली नगर क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस की मौजूदगी से बाजारों और प्रमुख मार्गों पर हलचल तेज रही।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीम ने संवेदनशील क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई। अभियान के दौरान वाहन चालकों के दस्तावेज, हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियमों के पालन की भी जांच की गई।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने चालान की कार्रवाई करते हुए सख्त संदेश दिया कि नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को सुरक्षा संबंधी सावधानियों और कानून पालन के प्रति जागरूक भी किया।
एसपी सिटी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में लगातार गश्त और चेकिंग अभियान जारी रखे जाएं ताकि अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण बना रहे। उन्होंने कहा कि शहर में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस की इस सक्रिय कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ और लोगों में भरोसा बढ़ा। वहीं सघन चेकिंग अभियान से नियम तोड़ने वालों और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।





















