अतरौली/अलीगढ़। अलीगढ़ में महिलाओं से लूट की घटना के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपित बदमाश मारे गए, जबकि फायरिंग में दो पुलिस जवान घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार रविवार को लूट की घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश अतरौली क्षेत्र के मढ़ौली गांव की ओर भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की और बदमाशों को रुकने की चेतावनी दी, लेकिन आरोप है कि उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान पुलिस ने रजा मोहम्मद और मोमीन निवासी बुलंदशहर के रूप में बताई है। पुलिस के मुताबिक दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार रजा मोहम्मद पर विभिन्न थानों में लूट समेत 40 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे, जबकि मोमीन पर 27 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। रजा मोहम्मद हाल ही में जेल से छूटकर आया था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विधिक कार्रवाई और मुठभेड़ से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है।





















