मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के अंतर्गत मौजा सतोहा असगरपुर स्थित खसरा संख्या 187 की विवादित सरकारी संपत्ति को लेकर एक नया मामला सामने आया है। आरोप है कि भूमाफिया एवं दबंग प्रवृत्ति के लोगों ने कथित रूप से जाली और फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास किया।
बताया गया है कि उक्त भूमि से संबंधित कई मुकदमे न्यायालय में विचाराधीन हैं। सार्वजनिक सूचना के लिए विवादित भूमि पर प्रशासन की ओर से लोहे का सूचना बोर्ड लगाया गया था, जिसे शुक्रवार को अज्ञात लोगों द्वारा कथित रूप से उखाड़कर चोरी कर लिया गया।
इस संबंध में वादी ने थाना हाईवे में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले के सामने आने के बाद अब निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि आरोपों की जांच के बाद भूमाफियाओं एवं संबंधित लोगों के विरुद्ध क्या कदम उठाए जाते हैं।






















