दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। कस्बा क्षेत्र के गांव पूठपुरा में शुक्रवार सुबह एक आवारा कुत्ते ने आतंक मचा दिया। कुत्ते ने बच्चों, महिलाओं और युवकों पर हमला कर एक ही दिन में नौ लोगों को काट लिया।
घायलों में दो स्कूली छात्र भी शामिल हैं, जिन्हें स्कूल परिसर में इंटरवल के दौरान खेलते समय कुत्ते ने अपना शिकार बना लिया। सभी घायलों को उपचार व एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया।

घायलों में पूठपुरा निवासी नीरज, सोनू, मोनिका, धर्मवीर, नाहर सिंह, दीवान सिंह, नगला लोहिया निवासी दीवान सिंह तथा एसआईटी पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले चर्रपुरा निवासी शिवकुमार और पिन्नापुरा निवासी रजत शामिल हैं। घटना के बाद गांव और स्कूल परिसर में दहशत का माहौल है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अभिषेक चौहान ने बताया कि कुत्तों के काटने के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। गुरुवार को 51 लोगों को एंटी रैबीज के इंजेक्शन लगाए गए थे, जबकि बुधवार को 36 लोगों का उपचार किया गया था।
लगातार बढ़ रहे मामलों से ग्रामीणों में चिंता है और लोगों ने आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।





















