फतेहाबाद/आगरा। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त (पूर्वी जोन) अभिषेक अग्रवाल की अध्यक्षता में बमरौली कटारा स्थित कार्यालय में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सहायक पुलिस आयुक्त, विभिन्न थानों के प्रभारी निरीक्षक, क्षेत्र के मंदिरों के पुजारी, मंदिर प्रबंधन समितियों के पदाधिकारी, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कांवड़ यात्रा मार्गों की सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
पुलिस उपायुक्त ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुचारु यातायात व्यवस्था, पर्याप्त पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल, रात्रि में प्रकाश व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील स्थानों पर बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम का प्रभावी उपयोग करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में आपातकालीन मार्ग (इमरजेंसी रूट), क्विक रिस्पांस टीम , एंबुलेंस एवं मेडिकल टीम की उपलब्धता, नदी-घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन विभाग की तत्परता तथा विद्युत, नगर निगम, स्वास्थ्य एवं परिवहन विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही असामाजिक तत्वों, अफवाह फैलाने वालों और हुड़दंगियों पर कड़ी निगरानी रखने की बात कही गई।
डीसीपी पूर्वी जोन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं समिति सदस्यों से आपसी समन्वय बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए।





















