दैनिक जिला नगर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के ग्राम नगला गडरिया में पेड़ से जामुन तोड़ने को लेकर शुरू हुआ बच्चों का विवाद मारपीट तक पहुंच गया। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे परिवार पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। घटना में 3 लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार नगला गडरिया निवासी बालक रामब्रज ने स्कूल में लगे जामुन के पेड़ से जामुन तोड़े थे।
इसी दौरान गांव का ही एक अन्य किशोर वहां पहुंचा और रामब्रज को थप्पड़ मारकर उससे जामुन छीनकर ले गया। घर पहुंचकर रामब्रज ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों परिवार आमने-सामने आ गए।
बात बढ़ने पर एक पक्ष के लोगों ने एकराय होकर दूसरे परिवार पर हमला कर दिया और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। घटना में सुनील, अनिल पुत्र गढ़ दीनदयाल और रीना पुत्री दिलीप सिंह घायल हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शुक्रवार दोपहर करीब 1:00 बजे सभी घायलों को उपचार के लिए फतेहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला की जांच शुरू कर दी है।





















