दैनिक जिला नगर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। समय पर पहुंची 102 एंबुलेंस और कर्मचारियों की तत्परता से गुरुवार सुबह एक गर्भवती महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही एंबुलेंस में स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।
चर्रपुरा निवासी लाड़ो देवी पत्नी आलोक को गुरुवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने 102 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। सुबह करीब साढ़े आठ बजे एंबुलेंस उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहाबाद के लिए रवाना हुई। रास्ते में भलोखरा के पास अचानक प्रसव पीड़ा तेज हो गई। स्थिति को देखते हुए एंबुलेंस के ईएमटी विकास कुमार और चालक प्रशांत कुमार ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
प्रसव के बाद जच्चा और नवजात को सीएचसी फतेहाबाद पहुंचाकर चिकित्सकीय देखरेख में भर्ती कराया गया। सुरक्षित प्रसव होने पर परिजनों ने 102 एंबुलेंस टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी तत्परता की सराहना की।





















