अलीगढ़ के ताला नगरी क्षेत्र में डीपीएस स्कूल के पास सड़क पर फैले काले तेल के कारण बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार समान अधिकार पार्टी के पूर्व सांसद प्रत्याशी मनोज कुमार लोधी अपनी बेटी के साथ एक्टिवा से अलीगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर चल रहे कार्य के बीच फैले तेल के कारण उनकी एक्टिवा फिसल गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में मनोज कुमार लोधी और उनकी बेटी घायल हो गए। बताया गया है कि बेटी के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उसे 9 टांके लगाने पड़े।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही बरती गई और सड़क पर फैले तेल को समय रहते साफ नहीं कराया गया, जिससे यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आगे किसी अन्य दुर्घटना को रोकने के लिए तेल पर मिट्टी डालकर उसे ढक दिया।
मामले को लेकर संबंधित ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।





















