दिलशाद समीर संवाददाता
फतेहपुर सीकरी/आगरा। विश्व धरोहर स्मारक फतेहपुर सीकरी स्थित हजरत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह पर रविवार सुबह लगभग 11 बजे भ्रमण के दौरान एक विदेशी महिला पर्यटक फिसलकर गिर गई, जिससे वह घायल हो गई। मौके पर मौजूद गाइड एवं सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से महिला को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इज़राइल से आया तीन सदस्यीय पर्यटक परिवार फतेहपुर सीकरी स्मारक का भ्रमण कर रहा था। परिवार के साथ अधिकृत गाइड मेहराज कुरैशी भी मौजूद थे। भ्रमण के दौरान महिला पर्यटक नोगा कोहेन, पत्नी उरी कोहेन, दरगाह परिसर में अचानक गिर गईं, जिससे उन्हें चोट लग गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गाइड मेहराज कुरैशी ने विभागीय सिक्योरिटी इंचार्ज मुकेश यादव, टूर एजेंट आरिफ सलमानी तथा गोल्फ कार्ट स्टाफ को तत्काल सूचना दी। इसके बाद सर्किल ऑफिसर दिलीप सिंह के निर्देशन में सिक्योरिटी कमांडर मुकेश यादव मौके पर पहुंचे और महिला पर्यटक को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई। उपचार के उपरांत महिला अपने परिवार के साथ आगरा के लिए रवाना हो गई।
घटना के दौरान पर्यटन विभाग एवं सुरक्षा कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से पर्यटक को समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सकी।





















