दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना डौकी क्षेत्र में जमीन के पुराने विवाद ने रविवार को तनावपूर्ण स्थिति पैदा कर दी। विवादित खेत पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात को नियंत्रण में लिया।
पुलिस ने मौके पर खड़ी एक कार की तलाशी ली, जिसमें एक लाइसेंसी दुनाली बंदूक, गुब्बारे फोड़ने वाली गन, सरिया और हॉकी बरामद हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2010 में बच्चूसिंह, हरिप्रकाश, सोनपाल और सूरज पुत्रगण भगवती प्रसाद निवासी महुआखेड़ा ने गाटा संख्या 1782 की करीब ढाई बीघा भूमि घूरेलाल कटारा निवासी बमरौली कटारा से खरीदी थी। बच्चूसिंह पक्ष का दावा है कि उक्त भूमि पर उनका कब्जा है। आरोप है कि शनिवार को हरेन्द्र निवासी गढ़ी हीसिया ने विवादित खेत की जुताई कर दी। इसके विरोध में रविवार को बच्चूसिंह अपने समर्थकों के साथ खेत पर पहुंच गए।
दूसरी ओर हरेन्द्र पक्ष का आरोप है कि बच्चूसिंह पक्ष ने दबंगई दिखाते हुए उनके गाटा संख्या 1809 की भूमि की जुताई कर दी, जबकि उस पर उनका कब्जा है। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
सूचना पर चौकी इंचार्ज कबीस सुनील कुमार दीक्षित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस कार को चौकी ले आई, जहां भी कुछ देर तक हंगामा होता रहा।
थानाध्यक्ष डौकी सुनीत शर्मा ने बताया कि बच्चूसिंह पक्ष के तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। कार से एक लाइसेंसी दुनाली बंदूक, गुब्बारे फोड़ने वाली गन, सरिया और हॉकी बरामद हुई है। हरेन्द्र पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। दोनों पक्षों के दावों, राजस्व अभिलेखों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





















