अलीगढ़। शहर के वार्ड-64 स्थित फिरदौस नगर में बदहाल सड़क के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने रविवार को अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने वासिफ इसरार के नेतृत्व में जर्जर सड़क पर धान की रोपाई कर प्रशासन का ध्यान सड़क की बदहाल स्थिति की ओर आकर्षित किया। प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लंबे समय से सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान सड़क पर जलभराव और कीचड़ से हालात और भी खराब हो जाते हैं, लेकिन कई शिकायतों के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया।
प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर फिरदौस नगर की सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।





















