अलीगढ़। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के राम मंदिर चढ़ावा विवाद से जुड़े कथित बयान के विरोध में सोमवार को अलीगढ़ में कांग्रेस ने पूर्व विधायक विवेक बंसल के नेतृत्व में विशाल विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधानसभा अध्यक्ष के बयान को करोड़ों रामभक्तों की आस्था का अपमान बताते हुए उनके इस्तीफे और पद से हटाने की मांग की।
प्रदर्शन रेलवे रोड स्थित जिला एवं शहर कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर रेलवे रोड, मामू-भांजा मार्केट, कंपनी बाग, आगरा रोड, मदार गेट, आर्य समाज रोड होते हुए अचल तालाब स्थित रामलीला मैदान पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और हाथों में तख्तियां लेकर विरोध दर्ज कराया।
रामलीला मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक विवेक बंसल ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का कथित बयान, जिन लोगों को लगता है कि उनका चढ़ावा चोरी हो गया, उन्होंने शायद श्रद्धा से दान नहीं दिया था, करोड़ों श्रीराम भक्तों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति करती है, लेकिन उसके वरिष्ठ नेताओं के ऐसे बयान श्रद्धालुओं की आस्था पर सवाल खड़े करते हैं। कांग्रेस ने मांग की कि सतीश महाना सार्वजनिक रूप से देशवासियों और राम भक्तों से क्षमा मांगें तथा नैतिक आधार पर उन्हें विधानसभा अध्यक्ष पद से हटाया जाए। विवाद के बीच विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बाद में सफाई देते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी सभी श्रद्धालुओं के लिए नहीं थी। उनका कहना था कि यह बयान कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा राम मंदिर में दिए गए दान की राशि वापस करने संबंधी टिप्पणी के संदर्भ में था और उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया। प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ठाकुर सोमवीर सिंह, महानगर अध्यक्ष नवेद खान, भूपिंन्द्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





















