दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना फतेहाबाद पुलिस ने दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर विवाहिता के साथ मारपीट कर उसकी हत्या किए जाने के मामले में मुख्य आरोपी मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 9 जुलाई 2026 को थाना फतेहाबाद में तहरीर देकर बताया गया था कि उसकी पुत्री का विवाह 20 फरवरी 2025 को ग्राम धारापुरा निवासी राहुल पुत्र राजन सिंह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर विवाहिता का मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न करता था।
आरोप है कि 8 जुलाई 2026 को ससुराल पक्ष ने विवाहिता के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इस मामले में थाना फतेहाबाद पर दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज किया गया।
सोमवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल पुत्र राजन सिंह निवासी ग्राम धारापुरा, थाना फतेहाबाद को धारापुरा के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक आकाश कुमार, उपनिरीक्षक प्रशांत साहू तथा कांस्टेबल इमरान एवं देवपाल शामिल रहे।





















