दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। तहसील क्षेत्र के गांव मुरावल में राजस्व विभाग द्वारा कराए गए भूमि सीमांकन के बाद लगाई गई सीमांकन मुद्दीय उखाड़कर दोबारा कब्जे का प्रयास करने के मामले में उपजिलाधिकारी एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट स्वाति शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने थाना फतेहाबाद पुलिस को सात नामजद आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
गांव मुरावल निवासी ग्याप्रसाद ने शिकायत में आरोप लगाया था कि राजस्व विभाग की पैमाइश के बाद लगाई गई सीमांकन मुंडियां विपक्षियों ने उखाड़ दीं और दोबारा अवैध कब्जे का प्रयास करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
मामले की जांच तहसीलदार फतेहाबाद ने कराई। जांच में पाया गया कि उपजिलाधिकारी न्यायालय के आदेश के अनुपालन में राजस्व टीम ने पुलिस की मौजूदगी में संबंधित गाटों का सीमांकन कराया था, लेकिन आरोपितों ने गाटा संख्या 156 पर लगी मुंडियां उखाड़ दीं। जांच के दौरान भी आरोपितों द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने तथा शांति भंग की आशंका जताई गई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर उपजिलाधिकारी ने प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद को देवीराम, मुन्नालाल, नरायन सिंह, भारत, जीतू, छोटे, शिशुपाल और शंकर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।





















