अलीगढ़। कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन रविवार को भी पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने थाना दादों का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की और अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रभावी एवं जनोन्मुखी पुलिसिंग के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना कार्यालय, अभिलेख, मालखाना, शस्त्रागार, बैरक, भोजनालय तथा अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने शस्त्रों और दंगा नियंत्रण उपकरणों की कार्यक्षमता की जांच करते हुए उनके रखरखाव पर विशेष जोर दिया तथा पुलिसकर्मियों को अनुशासन, तत्परता और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
इसके बाद एसएसपी ने थाना परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने कस्बा दादों में पैदल गश्त कर बाजार और प्रमुख स्थानों का जायजा लिया। इस दौरान व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था का फीडबैक लिया तथा उनकी समस्याएं भी सुनीं।
एसएसपी नीरज कुमार जादौन की सक्रिय कार्यशैली और लगातार मैदानी निरीक्षणों से पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ रही है। आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होने के साथ अपराधियों में पुलिस का भय भी स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है।





















