बैरकों से भोजनालय तक जांच, बंदियों की सुविधाओं में लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
अलीगढ़। जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने शनिवार को जेल अधीक्षक ब्रजेश कुमार यादव के साथ जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैरकों, भोजनालय, अस्पताल, मुलाकात कक्ष एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए कारागार प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।
डीएम ने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता सुविधाओं की जानकारी ली और कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक व्यवस्था पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एसएसपी ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र एवं संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करते हुए नियमित चेकिंग, सीसीटीवी मॉनिटरिंग एवं सतर्क ड्यूटी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने जेल प्रशासन को सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान कारागार परिसर में साफ-सफाई एवं व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने पर अधिकारियों ने जेल प्रशासन को सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की हिदायत दी।





















