दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा: थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव पोखरिया में खरंजे से पानी निकालने को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने एक युवक के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में युवक घायल हो गया। परिजनों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात हुई बारिश के बाद गांव पोखरिया में जलभराव हो गया था। नेमीचंद पुत्र हुकुम सिंह अपने घर के सामने खरंजे पर जमा पानी को नाली में निकाल रहा था। इसी दौरान पड़ोसी श्री भगवान से उसका विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर श्री भगवान, उसकी पत्नी भूरी देवी और बेटे मनोज ने नेमीचंद के साथ जमकर मारपीट की। हमले में नेमीचंद घायल हो गया। घटना के बाद घायल के परिजन उसे लेकर थाना निबोहरा पहुंचे और लिखित तहरीर दी। पुलिस ने घायल नेमीचंद को उपचार के लिए फतेहाबाद स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





















