दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। मंगलवार को तहसील फतेहाबाद में ग्राम पंचायत लहर पट्टी लहर के उपग्राम बास महुआ के दर्जनों ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर गांव स्थित तालाब की खुदाई एवं गहरीकरण कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि तालाब की उचित सफाई और गहराई न होने के कारण बरसात के दिनों में पानी गांव में भर जाता है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया कि ग्राम पंचायत लहर पट्टी लहर की गाटा संख्या 136, रकबा 1.521080 हेक्टेयर में से 0.521080 हेक्टेयर क्षेत्र में सर्वसम्मति से तालाब खुदवाने और उसका गहरीकरण कराने का निर्णय लिया गया है।
उनका कहना है कि वर्षों से तालाब में गाद भर जाने के कारण उसकी जलधारण क्षमता कम हो गई है। परिणामस्वरूप बारिश के दौरान तालाब का पानी आसपास के क्षेत्रों और गांव की गलियों में फैल जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव के कारण छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में दिक्कत होती है। कई बार रास्ते पूरी तरह पानी से भर जाते हैं, जिससे ग्रामीणों को भी आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि यदि तालाब की सफाई और गहरीकरण करा दिया जाए तो बरसात का पानी तालाब में ही एकत्र रहेगा और गांव में जलभराव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि गांव के ही दौजीराम पुत्र भजनलाल तथा गोपाल पुत्र भजनलाल तालाब की खुदाई का विरोध कर रहे हैं और कार्य रुकवाने का प्रयास कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी से मांग की है कि जनहित को देखते हुए तालाब की खुदाई एवं गहरीकरण के आदेश दिए जाएं तथा विरोध कर रहे लोगों को कार्य में बाधा डालने से रोका जाए।





















