जिला नजर संवाददाता संजय भारद्वाज
अलीगढ़। अलीगढ़ के थाना रोरावर पुलिस ने चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 26 किलो 75 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 18/19 अप्रैल 2026 की रात संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान एचपी पेट्रोल पंप के पास एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान कार सवारों ने पुलिस टीम को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की, लेकिन पीछा कर पुलिस ने वाहन को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर कार से 26 किलो 75 ग्राम अवैध गांजा, 2 मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त हुंडई आई 10 कार रजिस्ट्रेशन नंबर UP81AQ1452 बरामद की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इसराइल पुत्र गफ्फार खां निवासी कमालपुर,हाल निवासी जीवनगढ़ पुलिया के पास थाना क्वार्सी तथा अकरम पुत्र अब्दुल रहमान निवासी कस्बा गोंडा, जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे गांजा अकबराबाद क्षेत्र से लाकर बेचते थे और इस अवैध धंधे से अर्जित पैसों से ही वाहन व मोबाइल खरीदे थे।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 तथा अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अकरम एक हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस पूरी कार्रवाई को थाना रोरावर पुलिस टीम ने अंजाम दिया, जिसमें प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।























