दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना निबोहरा पुलिस ने क्षेत्र के गांव लालपुरा स्थित माता कैला देवी मंदिर में हुई चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा उसके कब्जे से चोरी गया सामान भी बरामद किया।
जानकारी के अनुसार विगत मंगलवार को गांव लालपुरा स्थित माता कैला देवी मंदिर में चोरी की घटना हुई थी। मामले की शिकायत मंदिर के पुजारी पोहप सिंह द्वारा थाना निबोहरा में दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
बुधवार रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी राजेन्द्र उर्फ भोला पुत्र सुरेश चंद्र निवासी लालपुरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक पीली धातु की नथ तथा कुछ नगदी बरामद की है।
थाना निबोहरा पुलिस की तत्परता से चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा होने पर क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस की सराहना की। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार गौतम, उप निरीक्षक हरिओम दिवाकर, विजय कपाड़िया, हेड कांस्टेबल उमेश कंषाना एवं सिपाही ओमप्रकाश शामिल रहे।





















