दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। जगराजपुर गांव में शैलेश यादव के बाग में स्थित एक हरे जामुन के पेड़ में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
आग लगने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया और तत्काल घटना की सूचना पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी।
सूचना मिलते ही 112 पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड टीम के जितेंद्र कुमार, अनिकेत शर्मा और अंकित कुमार ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया।
समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे आसपास के अन्य पेड़ों और बाग को नुकसान होने से बचा लिया गया। गनीमत रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





















