कृषि उपकरण मरम्मत के नाम पर कॉलोनी विकसित करने का आरोप; प्लॉट खरीदारों के निवेश पर उठे सवाल
संवाददाता – राहुल गौड़
मथुरा (गोवर्धन)। गोवर्धन-छाता रोड पर पाडाल गांव के समीप विकसित की जा रही बताई गई ‘शिव वैली’ कॉलोनी के खिलाफ मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने कार्रवाई की है। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर कॉलोनी के गेट को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के बाद यहां प्लॉट खरीदने वाले लोगों के बीच चिंता का माहौल है।प्राधिकरण के सचिव आशीष कुमार के अनुसार, संबंधित प्रोजेक्ट के संचालक की ओर से प्राधिकरण में प्रस्तुत दस्तावेजों में स्थल पर कृषि उपकरणों की मरम्मत का कार्य किए जाने की जानकारी दी गई थी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को मौके की स्थिति अलग मिली और वहां कॉलोनी विकसित किए जाने की गतिविधियां सामने आने की बात कही गई। इसके बाद प्राधिकरण की टीम ने कार्रवाई करते हुए गेट को ध्वस्त कर दिया।कार्रवाई के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि लोगों ने यहां प्लॉट खरीदे हैं तो उनकी जमीन और निवेश की स्थिति क्या होगी। वहीं, दिनेश शर्मा ने फोन पर खुद को जमीन का मालिक बताते हुए कॉलोनी विकसित किए जाने से इनकार किया। उनका दावा है कि मौके पर धान की खेती हो रही है। प्लॉट बिक्री के संबंध में उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने कॉलोनी के नाम पर प्लॉट बेचे हैं तो उसकी जिम्मेदारी उसी की होगी।
प्राधिकरण की कार्रवाई और जमीन मालिक के दावे में अंतर के बीच पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। ऐसे में संभावित खरीदारों के लिए जमीन का भू-उपयोग, स्वीकृत लेआउट और संबंधित प्राधिकरण की अनुमति की जांच करना महत्वपूर्ण है।





















