फिरोजाबाद तिराहे पर सुबह हुआ हादसा, पुलिस ने राहत-बचाव कर घायलों को पहुंचाया अस्पताल
दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना फतेहाबाद क्षेत्र में शुक्रवार सुबह कृष्णा हॉस्पिटल के पास फिरोजाबाद तिराहे पर हुए भीषण सड़क हादसे में भात समारोह से लौट रहे लोगों से भरी मैक्स गाड़ी टिर्री से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा भिड़ी।
हादसे में मैक्स सवार महिलाओं समेत करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
जानकारी के अनुसार मैक्स गाड़ी में सवार लोग फिरोजाबाद जनपद के सुजातगढ़ गांव में भात पहनाकर अपने गांव लौट रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे जैसे ही वाहन कृष्णा हॉस्पिटल के पास फिरोजाबाद तिराहे पर पहुंचा, तभी आगे चल रही सब्जियों से लदी टिर्री से उसकी टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि मैक्स अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। वहीं टिर्री चालक राजू पुत्र पप्पू निवासी सिलावली, फतेहाबाद सब्जियां लेकर खड़गपुरा मंडी जा रहा था।हादसे की तेज आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर विनोद कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा निजी अस्पतालों में भर्ती कराया।
हादसे में गोलावती पत्नी नोहवत सिंह, योगेश पुत्र मोहन सिंह, सोनम पुत्री श्रीकांत, प्रवीण पुत्र नेम सिंह, मोहनी पुत्री कीर्ति राम, सुनीता पत्नी चेतराम, राधा पत्नी नेम सिंह, श्यामो देवी पत्नी धाराजीत, इन्द्रो देवी पत्नी भोज सिंह निवासीगण नेहरे का पुरा, थाना निबोहरा तथा टिर्री चालक राजू पुत्र पप्पू निवासी सिलावली, फतेहाबाद समेत करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। हादसे के कारण कुछ समय तक फिरोजाबाद तिराहे पर आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।





















