दैनिक जिला नज़र संवाददाता
आगरा। आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार की सुबह हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और 28 अधिक यात्री घायल हो गए।
हादसा पड़ोसी जनपद फिरोजाबाद में हुआ, जब एक स्लीपर कोच बस आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी, ट्रक में भारी सामान रखा था। स्लीपर कोच बस का आगे का हिस्सा ट्रक में घुस गया, बस की केबिन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। बस चंडीगढ़ के लिए जा रही थी।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पीजीआई सैफई व जिला संयुक्त चिकित्सालय शिकोहाबाद भिजवा दिया गया। बस में 60 से अधिक यात्री सवार थे। यह थाना नंगला खंगर क्षेत्र की घटना है।
शिकोहाबाद के जिला अस्पताल के डॉ. अनुराग कांत वर्मा ने बताया कि निजी बस और ट्रक के बीच टक्कर के बाद मरीजों को यहां लाया गया। उन्होंने यह भी बताया कि गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को रेफर किया गया। कुल 30 लोग घायल हुए। बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई।





















