• गोविन्द पाराशर– संवाददाता आगरा
आगरा। एक कार के ट्रैफिक चालान ने लोहामंडी थाना पुलिस को 25 वर्षों से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त तक पहुंचा दिया।
पुलिस ने उसे राजधानी दिल्ली से गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्त का नाम सैमुअल उर्फ सहदेव यादव उर्फ अमित मिश्रा पुत्र डेनियल निवासी वेस्ट अर्जुन नगर थाना शाहगंज बताया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सैमुअल वर्ष 2002 में लूटकांड और युवती भगाने के मामले में वांछित था। थाना लोहामंडी में पंजीकृत मुक़दमे 339/2002 धारा 392 भादवि में लगातार फरार चल रहा था। उसने प्रेम विवाह के लिए लूट की वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपना नाम और धर्म बदलकर कई बार पहचान छिपाई और अलग-अलग राज्यों में ठिकाने बदलता रहा।
पुलिस आयुक्त ने अभियुक्त की गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये के इनाम की घोषणा की थी। पुलिस टीमों द्वारा लगातार सैमुअल की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे थे।
पिछले दिनों पुलिस को दिल्ली में हुए एक वाहन चालान से महत्वपूर्ण सुराग मिला। चालान के माध्यम से पुलिस को आरोपी के दिल्ली के प्रेमनगर, नागलोई क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। इसके बाद, तकनीकी जांच और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने जाल बिछाया और एक जून को उसे गिरफ्तार किया।
सैमुअल एक निजी स्कूल में शूटिंग रेंज टीचर के रूप में काम कर रहा था। पच्चीस साल के लंबे फरार जीवन के दौरान उसने अपनी पहचान पूरी तरह से बदल ली थी। अभियुक्त के अन्य आपराधिक इतिहास व फरारी के दौरान निवास करने वाले स्थानों की जानकारी की जा रही है।





















