अलीगढ़। महानगर के जीवनगढ़, सराय रहमान, ऊपरकोट, शाहपुर कुतुब, भुजपुरा, जमालपुर, नगला पटवारी, सुरेन्द्र नगर, संजय गांधी कॉलोनी, रावण टीला, शांति नगर कॉलोनी, निधिवन कॉलोनी, दुबे का पड़ाव, महेंद्र नगर, शाहजमाल एवं बन्नादेवी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को लेकर प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया है कि वर्तमान में इन क्षेत्रों में जलापूर्ति संचालन एवं रख-रखाव का कार्य जलकल विभाग, नगर निगम द्वारा नियमित रूप से किया जा रहा है।अमृत-2.0 कार्यक्रम के अंतर्गत नगर निगम सीमा विस्तार पेयजल योजना ग्रुप-सी में क्वार्सी एवं धौर्रा माफी विस्तार क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए बड़े स्तर पर कार्य कराए गए हैं। योजना के तहत अवर जलाशय निर्माण, नलकूप अधिष्ठापन, पेयजल पाइपलाइन बिछाने, गृह संयोजन एवं अन्य संबंधित कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। एस के सिंह अधिशासी अभियंता निर्माण खण्ड जल निगम नगरीय के अनुसार अब केवल विद्युत संयोजन का कार्य शेष है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद संबंधित क्षेत्रों में शत-प्रतिशत पेयजल आपूर्ति सुचारु रूप से प्रारंभ हो जाएगी। योजना पूरी होने के बाद लोगों को पर्याप्त एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
नगर निगम एवं जलकल विभाग ने स्पष्ट किया है कि शहर के विस्तार क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। गर्मी के मौसम में नागरिकों को राहत देने के उद्देश्य से वैकल्पिक व्यवस्थाओं के साथ-साथ स्थायी समाधान पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने नागरिकों से सहयोग एवं धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि अमृत 2.0 योजना पूर्ण होते ही संबंधित क्षेत्रों की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।





















