
मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के गांव नरहौली में देर रात एक शादी समारोह के दौरान बरात में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। डीजे पर नृत्य के दौरान शुरू हुई कहासुनी के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर पथराव व मारपीट हुई। घटना में कई बराती और पुलिसकर्मी घायल हो गए।बताया जा रहा है कि बरात बरसाना क्षेत्र से नरहोली आई थी। बरात गांव में पहुंचने के दौरान डीजे और ट्रॉली पर नृत्य को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया और पत्थरबाजी शुरू हो गई। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पथराव के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं। पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया और देर रात तक गांव में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों ने घरों और दुकानों में घुसकर भी तोड़फोड़ की। घटना के बाद दुल्हन पक्ष की महिलाएं भी सड़क पर आ गईं और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।





















