मथुरा। अनुसूचित जाति के लोगों पर कथित अत्याचार, किसानों की समस्याओं और भू-माफियाओं द्वारा जमीनों पर अवैध कब्जों के विरोध में भीम आर्मी ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जिले में भू-माफिया फर्जी बैनामों के माध्यम से अनुसूचित जाति के परिवारों की कृषि एवं आवासीय जमीनों पर अवैध कब्जे कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन पर इन मामलों में प्रभावी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया।
ज्ञापन में थाना जैंत क्षेत्र के गोपालगढ़ गांव तथा ग्राम अकबरपुर स्थित आंबेडकर पार्क की संपत्ति के कथित दुरुपयोग और अवैध कब्जे का मुद्दा भी उठाया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि गरीब और दलित परिवारों की जमीनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए।
भीम आर्मी ने प्रशासन से मांग की कि भू-माफियाओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाया जाए और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाए।






















