दैनिक जिला नज़र संवाददाता
फतेहपुर सीकरी/आगरा। क्षेत्र के कांदूबार इलाके में स्थित एक दूध डेयरी में गोवंश की खाल मिलने की आशंका को लेकर मामला सामने आया है।
सूचना मिलने पर जीव जन्तु गौ सेवा ट्रस्ट के कार्यकर्ता प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और संदिग्ध खाल को कब्जे में लेकर जांच हेतु भिजवाया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा बताया गया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है तथा रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
वहीं, कुछ स्थानीय लोगों एवं अन्य व्यक्तियों का कहना है कि उक्त खाल भूरी भैंस की बताई जा रही है। मामले में कस्बा चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि भैंस के लबेरू की मृत्यु हो जाने के बाद उसकी खाल से पुतला तैयार कर रखा गया था, ताकि भैंस उसे देखकर दूध देती रहे।
हालांकि आरोप और शिकायत सामने आने के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर खाल को जांच के लिए भेज दिया है। फिलहाल संबंधित रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















