अकराबाद और जलाली में आयोजित बैठकों में नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का हुआ स्वागत
जिला नजर संवाददाता संजय भारद्वाज
अलीगढ़। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन (ग्रापए) की जनपद अलीगढ़ इकाई की ओर से तहसील कोल क्षेत्र के कस्बा अकराबाद एवं जलाली में संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया गया। बैठकों में पत्रकार हितों, संगठन की मजबूती और पत्रकार एकता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राज नारायण सिंह ने की। बैठकों के दौरान नवनियुक्त जिलाध्यक्ष देवेंद्र पाराशर का पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों ने फूलमालाओं से स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
कस्बा अकराबाद में बैठक का आयोजन मंडल ऑडिटर वरिष्ठ पत्रकार अनार सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष राज नारायण सिंह ने कहा कि पत्रकारों की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी पत्रकारों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। जिलाध्यक्ष देवेंद्र पाराशर ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और समस्याओं के समाधान को संगठन प्राथमिकता के साथ उठाएगा। मंडल महामंत्री विवेक शर्मा ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होता है।
पत्रकारों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन योगेश कौशिक ने किया। बैठक में कोमल सिंह नरूका, सुधाकर उपाध्याय, अनूप यादव, श्रीकृष्ण शर्मा, जैनुल आबदीन खान, तुषार शर्मा, आशीष शर्मा सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
इसके बाद कस्बा जलाली में भी बैठक आयोजित की गई, जहां कोल तहसील अध्यक्ष अमित वार्ष्णेय ने मंडल अध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष का भव्य स्वागत किया।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को बढ़ाने तथा पत्रकारों को अधिक संख्या में संगठन से जोड़ने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं के समाधान और उनके सम्मान की रक्षा के लिए संगठन निरंतर संघर्ष करता रहेगा।





















