मुरैना/मप्र । शहर में टूटी सड़कों, बंद नालों, फेल सीवर लाइन, बंद स्ट्रीट लाइट, गंदे एवं जहरीले पानी की समस्या और नगर निगम में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार व कमीशनखोरी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को नगर निगम का जोरदार घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महापौर और नगर निगम कमिश्नर के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महादेव नाके से नगर निगम कार्यालय तक विशाल रैली निकाली। रैली नगर निगम कार्यालय पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने परिसर में कचरा फेंककर विरोध जताया। इसके बाद महापौर और नगर निगम कमिश्नर के चेंबर के बाहर मटके फोड़कर आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन को देखते हुए नगर निगम कार्यालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम भ्रष्टाचार का केंद्र बन चुका है और शहर की मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। शहरवासी टूटी सड़कें, जलभराव, सीवर जाम, पेयजल संकट और सफाई व्यवस्था की बदहाली से परेशान हैं, लेकिन नगर निगम प्रशासन समस्याओं के समाधान की बजाय विकास कार्यों के नाम पर भ्रष्टाचार में लिप्त है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि विकास कार्यों के लिए आने वाली राशि में बड़े स्तर पर अनियमितताएं की जा रही हैं। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष मधुराज तोमर, शहर जिला अध्यक्ष गजेन्द्र जाटव, पूर्व विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह सहित कांग्रेस पार्षद और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मधुराज तोमर ने कहा कि नगर निगम भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि महापौर शारदा सोलंकी को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मतदाताओं ने जिताया था, लेकिन बाद में वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। अब शहर के विकास पर ध्यान देने के बजाय केवल भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है।
वहीं शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गजेन्द्र जाटव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शहर की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया और विकास कार्य शुरू नहीं हुए तो कांग्रेस आंदोलन को और उग्र करेगी तथा “ईंट से ईंट बजा देगी।”
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर महापौर को बर्खास्त करने और नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
जिला ब्यूरो चीफ मुरैना मुहम्मद इसरार खान





















