आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र में मृतक ज्वेलर योगेश चौधरी की रविवार को हुई उठावनी में इंस्पेक्टर सिकंदरा नीरज शर्मा को निलंबित किए जाने की जोरों से मांग उठी। उठावनी में कहा गया कि इंस्पेक्टर सिर्फ पैसा लेना जानते हैं, लोगों की सुरक्षा करना नहीं। कभी क्षेत्र में पैदल मार्च नहीं करते, जिससे अपराधियों के भी हौसले बुलंद हैं। वह सिर्फ जमीनों में खेल करना और वसूली के खेलों में संलिप्त रहते हैं। पुलिस कमिश्नर से उन्हें निलंबित किए जाने की मांग की गई।
शहर के व्यस्त बाजार कारगिल चौराहा पर शुक्रवार सुबह बाइक से आए नकाबपोश दो बदमाशों ने श्री बालाजी ज्वेलर्स के शोरूम में घुसकर पांच लाख के आभूषण लूट लिए। महिला कर्मचारी और ग्राहक युवती के शोर मचाने पर पिस्टल तान दी। लूट के बाद भागते एक बदमाश को अचानक पहुंचे सराफ योगेश चौधरी ने शोरूम के बाहर पकड़ा, हाथापाई होने पर उसके दूसरे साथी ने उन्हें पिस्टल से सीने में गोली मार दी। हत्या के बाद बदमाश आराम से भाग निकले। कारगिल चौराहे पर गोलीकांड की एक सप्ताह में दूसरी घटना से व्यापारियों में आक्रोश है। पुलिस कमिश्नर ने घटना को चुनौती के रूप में लिया है। वह लगातार टीमों से अपडेट ले रहे हैं। इधर रविवार को शास्त्रीपुरम में मृतक योगेश चौधरी की उठावनी थी।
इसमें भारी संख्या में लोगों का जन सैलाब उमड़ा। भारतीय जनता पार्टी ब्रज क्षेत्र के कोषाध्यक्ष वीरेंद्र अग्रवाल ने कहा कि बड़ी शर्म की बात है ज्वेलर की हत्या के बाद भी इंस्पेक्टर नीरज शर्मा अभी तक निलंबित नहीं किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इंस्पेक्टर का क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर कोई ध्यान नहीं है, उनका ध्यान सिर्फ वसूली और जमीनों के खेल पर रहता है। ठेल वालों से कितने रुपए लेने हैं। लोगों को पकड़ने छोड़ने के खेल में कितने रुपए लेने हैं। पुलिस सिर्फ यही काम कर रही है।
पूर्व में सिकंदरा थाने में जो इंस्पेक्टर नियुक्त होते थे वह क्षेत्र में पैदल मार्च करते थे जिससे क्षेत्र में अपराधियों में पुलिस का भय रहता था। इंस्पेक्टर नीरज शर्मा अपने ऑफिस के एसी कमरे से बाहर ही नहीं निकलते। उन्होंने यह भी कहा कि वह मुख्यमंत्री से भी मामले की शिकायत करेंगे आखिर नीरज शर्मा क्यों निलंबित नहीं किए जा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने जल्द से जल्द खुलासे की भी मांग की।