अलीगढ़ / थाना चंडौस क्षेत्र में गुरुवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में आग लगा दी और शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से स्थिति पर जल्द ही काबू पा लिया गया।
सीओ महेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि दोपहर करीब 3:30 बजे यूपी-112 के माध्यम से कस्बा चंडौस में सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि एक बाइक और अनाज से भरे ट्रैक्टर की टक्कर हो गई थी। हादसे में एलमपुरा निवासी अभय पुत्र कालीचरण की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में आग लगा दी और शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों से लिखित तहरीर प्राप्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल यातायात सामान्य है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।





















