अलीगढ़। बन्नादेवी थाना क्षेत्र के खैर बाईपास स्थित मानसी हॉस्पिटल में डिलीवरी के बाद एक महिला की मौत हो जाने से परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की।
गुस्साए परिजनों ने महिला का शव स्ट्रेचर पर रखकर सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। हंगामे के दौरान अस्पताल का स्टाफ मौके से चला गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उच्चाधिकारियों ने परिजनों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण है।





















