अलीगढ़। शहर की सड़कों को अधिक रोशन, सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। लगभग 37 करोड़ रुपये की लागत से नगर निगम के ज़ोन-01, ज़ोन-02, ज़ोन-03 और ज़ोन-04 में स्थापित 64 हजार LED स्ट्रीट लाइटों के स्वचालन ऑटोमेशन, संचालन एवं रखरखाव प्रणाली का शुभारंभ किया गया।
गुरुवार शाम कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर आईसीसीसी में आयोजित कार्यक्रम में महापौर प्रशांत सिंघल और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश ने पार्षदों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में नई मॉनिटरिंग व्यवस्था का उद्घाटन किया।
नगर निगम के अनुसार, इस ऑटोमेशन सिस्टम के माध्यम से स्ट्रीट लाइटों की निगरानी, संचालन और खराबी की पहचान केंद्रीकृत रूप से की जा सकेगी। इससे खराब लाइटों का शीघ्र समाधान होगा, ऊर्जा की बचत होगी और शहर की सड़कों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी।
नगर निगम ने बताया कि यह पहल प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में नगरीय क्षेत्रों में आधुनिक एवं समुचित विकास कार्यों को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।





















