अलीगढ़। देहलीगेट थाना क्षेत्र के नगला मेहताब इलाके में मौपेड सवार एक युवक के साथ पति-पत्नी द्वारा मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि गली से गुजर रहे युवक को रोककर दोनों ने थप्पड़ों और चप्पलों से उसकी पिटाई कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह विवाद पूर्व में हुई कहासुनी को लेकर हुआ था। घटना का किसी राहगीर ने वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम ने जानकारी देते हुए बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए प्राप्त तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है तथा मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।





















