अलीगढ़। इगलास थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला के साथ दुष्कर्म करने, उसके बैंक खाते से रुपये निकालने, पहले से शादीशुदा होने के बावजूद धोखे से विवाह करने और मारपीट करने के मामले में वांछित आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 24 मार्च 2026 को पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना इगलास में मुकदमा संख्या 149/2026 दर्ज किया गया था। आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद उसके बैंक खाते से रुपये निकाल लिए। इतना ही नहीं, आरोपी पहले से शादीशुदा होने के बावजूद अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाकर पीड़िता से धोखे से विवाह किया और बाद में उसके साथ मारपीट भी की।
मामले में थाना इगलास पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69, 115(2), 352, 351(3), 318(4) तथा एससी/एसटी अधिनियम की धारा 3(2)(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था। इगलास पुलिस की टीम ने लगातार तलाश के बाद आरोपी अजय पुत्र रमेश को दिल्ली के ओखला सब्जी मंडी रेलवे स्टेशन स्थित कालीचरण कैंप क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से नगला बंजारा सिरथला, थाना कोसी, जनपद मथुरा का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गिरफ्तारी अभियान में उपनिरीक्षक विकास कुमार, उपनिरीक्षक अशोक कुमार, कांस्टेबल गौरव कुमार और कांस्टेबल रविंद्र कुमार शामिल रहे।





















