इगलास /अलीगढ़। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इगलास पुलिस ने रविवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मिट्टी खनन में लगी एक जेसीबी मशीन को पकड़ लिया। कार्रवाई से अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।
रात करीब 1:30 बजे क्षेत्राधिकारी कमलेश कुमार एवं प्रभारी निरीक्षक रवित वर्मा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिलने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से मिट्टी का खनन करते हुए एक जेसीबी मशीन को पकड़ लिया। पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में लेकर इगलास कोतवाली लाकर सीज कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में लगातार अभियान चलाकर दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में खलबली मच गई है, जबकि स्थानीय लोगों ने अवैध खनन पर सख्ती बरतने के लिए पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।





















