मांट (मथुरा)। अधिक मास में चल रही ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के दौरान सोमवार सुबह एक श्रद्धालु की अचानक मौत हो जाने से शोक की लहर फैल गई। थाना सुरीर क्षेत्र के गांव हरनौल स्थित मंदिर के पास परिक्रमा कर रहे श्रद्धालु को सीने में तेज दर्द उठा, जिसके बाद वह सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार गांव मित्ठौली थाना नोहझील निवासी 47 वर्षीय राजकुमार पुत्र विक्रम अधिक मास की पवित्र परिक्रमा में शामिल थे। सोमवार सुबह वह परिक्रमा करते हुए हरनौल पहुंचे थे। इसी दौरान मंदिर के निकट अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद वह सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें प्राथमिक सहायता देने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलते ही थाना सुरीर में तैनात एसआई प्रवल प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
राजकुमार की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिक्रमा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताया। ग्रामीणों के अनुसार मृतक धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और श्रद्धा भाव से परिक्रमा कर रहे थे।
गौरतलब है कि अधिक मास के दौरान ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा में लाखों श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से परिक्रमा मार्ग पर चिकित्सा सुविधाएं और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं बढ़ाने की मांग की है।





















