जिला नजर संवाददाता
हाथरस। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और दुर्घटनाओं में कमी लाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान डीएम ने दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों एवं ब्लैक स्पॉट स्थलों के स्थलीय निरीक्षण पर जोर देते हुए दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही मथुरा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग के अवशेष कार्यों को तत्काल और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा और आमजन की सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है तथा लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।





















