मथुरा। जनपद में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए विद्यालयों में आयोजित होने वाले समर कैंप और विशेष गतिविधियों को स्थगित कर दिया गया है। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार 20 मई से ग्रीष्मकालीन अवकाश अवधि तक विद्यालयों में किसी भी प्रकार की शैक्षणिक अथवा विशेष गतिविधियों का आयोजन नहीं किया जाएगा।बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने बताया कि अत्यधिक तापमान और लू के कारण बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश के तहत सभी बोर्डों से संचालित विद्यालयों में समर कैंप, खेलकूद और अन्य गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी।उन्होंने कहा कि जब तक शासन अथवा विभागीय स्तर से कोई नया निर्देश जारी नहीं होता, तब तक विद्यालयों में किसी भी प्रकार का आयोजन नहीं किया जाएगा। आदेश का पालन न करने वाले विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है।वहीं माध्यमिक विद्यालयों को भी गुरुवार से बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि समर कैंप से संबंधित अभी कोई अलग आदेश प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन गर्मी को देखते हुए विद्यालयों में सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।






















