दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। ग्राम पंचायत मेवली कला में मिनी स्टेडियम के लिए आरक्षित सरकारी भूमि पर अवैध खनन और कब्जे का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है।
इस मुद्दे को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने प्रमुखता से उठाते हुए उपजिलाधिकारी स्वाति शर्मा को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन के अनुसार खाता संख्या 00965 व गाटा संख्या 911 में दर्ज लगभग 1.1430 हेक्टेयर भूमि मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए आरक्षित की गई थी।
नगला बेहरा के समीप नौरंग–नेतपुरा मार्ग किनारे स्थित यह भूमि सार्वजनिक उपयोग और क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जाती है। आरोप है कि कुछ दबंग व असामाजिक तत्वों ने इस पर अवैध कब्जा कर लिया है और लगातार खनन कराया जा रहा है, जिससे जमीन की मूल संरचना को नुकसान पहुंच रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यहां लगा मिनी स्टेडियम का सरकारी बोर्ड भी उखाड़ दिया गया, ताकि भूमि की पहचान छिपाई जा सके। भाकियू पदाधिकारियों ने इसे सरकारी योजनाओं में बाधा और राजस्व हानि का गंभीर मामला बताया है।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला उपाध्यक्ष श्यामवीर सिंह चाहर, जिला प्रवक्ता नत्थूसिंह धाकरे, पूर्व प्रधान चोबसिंह, प्रधान मुकेश कुमार, रामेश्वर तोमर, कुमरसैन, अमरसिंह, पातीराम, तुलाराम वर्मा व जैसीराम मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच, अवैध खनन पर रोक और भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर स्टेडियम निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की है।























