दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना डौकी क्षेत्र के गांव तेजपाल की ठार में मंगलवार रात एक शादी समारोह उस समय बवाल में बदल गया, जब दुल्हन ने दरवाजे पर दूल्हे को देखकर शादी से साफ इंकार कर दिया।
इसके बाद घराती और बरातियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते लाठी-डंडों और पथराव में बदल गई। घटना में चार बराती घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मानसिंह पुत्र रामजीलाल निवासी तेजपाल की ठार डौकी ने अपनी पुत्री विनीता की सगाई करीब छह माह पूर्व थाना बसई मोहम्मदपुर फिरोजाबाद के गांव शौफीपुर निवासी भूरी सिंह के पुत्र श्रीनिवास के साथ की थी।
मंगलवार रात बरात धूमधाम से गांव पहुंची। दरवाजे की रस्म के दौरान दुल्हन ने दूल्हे को पसंद न आने की बात कहकर शादी से इंकार कर दिया।बताया गया कि बरात चढ़ने के बाद रात करीब 11:30 बजे भोजन को लेकर भी विवाद हो गया।
आरोप है कि लड़की पक्ष ने बरातियों से खुद ही खाना परोसने को कहा, जिस पर कहासुनी हो गई। इसी दौरान एक व्यक्ति के साथ मारपीट शुरू हो गई और मामला बढ़कर पथराव व लाठी-डंडों तक पहुंच गया।
हंगामे में अशोक पुत्र रामप्रकाश निवासी छारबाग फिरोजाबाद, राकेश पुत्र बनवारी निवासी गढ़ी भज्जी डौकी, मौनीराम पुत्र प्रेमसिंह व लवकुश पुत्र विनोद निवासी शौफीपुर फिरोजाबाद घायल हो गए।
सूचना पर थानाध्यक्ष डौकी सुनीत शर्मा व वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को सीएचसी फतेहाबाद भिजवाया।
बुधवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझौते का प्रयास किया गया, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल सका। अंततः बरात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।























