दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। श्री महावीर जी पब्लिक स्कूल की पूर्व छात्रा प्रांजल गुर्जर ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में सफलता हासिल कर फतेहाबाद क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ग्राम जरारी निवासी सहदेव सिंह गुर्जर की पुत्री प्रांजल ने कक्षा 12 तक की शिक्षा श्री महावीर जी पब्लिक स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने डॉक्टर बनने के लक्ष्य के साथ लगातार मेहनत और अनुशासित तैयारी कर नीट परीक्षा में सफलता हासिल की।
प्रांजल की उपलब्धि पर विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के चेयरमैन राजेश कुमार शर्मा ने उन्हें सम्मानित करते हुए कहा कि ग्रामीण परिवेश के विद्यार्थी भी दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम के बल पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।
प्रधानाचार्य संजय कुमार शर्मा ने मिठाई खिलाकर प्रांजल और उनके स्वजन को बधाई दी तथा कहा कि उनकी सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।





















