दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। आगामी जनगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को तहसील मुख्यालय पर जनगणना कार्य से जुड़े कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में भवन सूचीकरण, सरकारी भवनों का विवरण संकलित करने तथा निर्धारित प्रारूप में सूचनाएं दर्ज करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
तहसीलदार शिखर मिश्रा ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में डीसीएचबी (डिस्ट्रिक्ट सेंसस हैंडबुक) के लिए गांवों में स्थित सरकारी भवनों का विवरण और संबंधित सरकारी कर्मचारियों के मोबाइल नंबर दर्ज किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इससे पहले जिला मुख्यालय पर तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है।
उन्होंने बताया कि 16 अगस्त से 15 सितंबर तक भवन सूचीकरण एवं आवश्यक सूचनाओं के संकलन का कार्य किया जाएगा। सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित प्रारूप के अनुसार सटीक और समयबद्ध तरीके से जानकारी दर्ज करें, ताकि जनगणना का प्रथम चरण सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।





















